headlines

मेरा मामा टीटी है” गैंग के दो शातिरों को पकड़कर जीआरपी हरिद्वार ने भेजा जेल

“मेरा मामा टीटी है” गैंग के दो शातिरों को पकड़कर जीआरपी हरिद्वार ने भेजा जेल

हरिद्वार। कप्तान अरुणा भारती के कुशल नेतृत्व में जीआरपी हरिद्वार पुलिस को शानदार सफलता हाथ लगी है। पिछले कुछ दिनों से रेलवे स्टेशन हरिद्वार में कुछ शातिर ठगों द्वारा बिहार, झारखंड अथवा ग्रामीण परिवेश के लोगों को उनका “टिकट कंफर्म कराने के नाम पर” विश्वास में लेकर उनका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पिन कोड एवं कैश पैसे लेकर ठगी का काम किया जा रहा था। जिनको हरिद्वार जीआरपी पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है।

क्या था मामला

रेलवे स्टेशन हरिद्वार में बिहार, झारखंड व ग्रामीण पृष्ठभूमि के भोले भाले लोगों को टारगेट करते हुए बिहार के कुछ शातिर ठगों द्वारा ऐसे लोगों को बिहार की ही बोली/भाषा में यह कहकर ठगा जा रहा था कि “मेरे रिश्तेदार यहां रेलवे स्टेशन हरिद्वार में टीटी हैं मैं तुम्हारा टिकट कंफर्म करा दूंगा” और अपनी घुमावदार बातों में लेकर ऐसे लोगों का आधार कार्ड, कैश रुपए, मोबाइल फोन एवं उसका लॉक व पिन कोड लेकर उस व्यक्ति को कहते थे कि “तुम यहीं रुको हम एक-दो घंटे में अपने मामा टीटी से टिकट कंफर्म करवाकर आते हैं” और बाहर जाकर एटीएम अथवा यूपीआई ट्रांजैक्शन से पूरा पैसा निकाल लेते थे।

दिनांक 22-02-26 में बिहार के रहने वाले वादी मनीष निवासी वार्ड नंबर 11 पहलाम जिला सहरसा बिहार और उनके दोस्त अनिल शाह निवासी सहरसा बिहार रेलवे स्टेशन हरिद्वार आए जिनके टिकट कंफर्म कराने के नाम पर उपरोक्त शातिरों द्वारा प्लेटफार्म नंबर एक में स्टेशन मास्टर के ऑफिस के पास मनीष से मोबाइल, आधार कार्ड व ₹ 6000 नगद और अनिल से मोबाइल, आधार कार्ड और ₹900 नगद कुल मिलाकर 6900 रुपए नगद एवं बैंक अकाउंट में रखे लगभग ₹9000 पिन कोड के माध्यम से निकालकर चुरा लिए। जिसपर थाना जीआरपी हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 07/26 धारा 318 (4), 303 (2), 317 (2) बीएनएस में दर्ज किया गया और वादी मनीष की मदद से दोनों शातिर ठगों रामकिशोर यादव व हंसलाल महतो को रेलवे स्टेशन हरिद्वार से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है जबकि इनके तीसरे फरार साथी की तलाश जारी है। उपरोक्त मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।

न्यायालय के आदेश पर दोनों शातिरों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

बेहद शातिर हैं ठग

दोनों ठग इतने शातिर हैं कि एक व्यक्ति टिकट घर व आसपास सर्कुलेटिंग एरिया में बिहार, झारखंड व ग्रामीणों को टारगेट कर विश्वास में लेता था और उनको अपने रिश्तेदार “फर्जी बना हुआ दूसरा टीटी” से मिलवाने अक्सर रेलवे के किसी ऑफिसर के ऑफिस के सामने अथवा रेलवे अधिकारी विश्रामगृह के पास लेकर जाता था ताकि उसको विश्वास हो जाए। उपरोक्त मुकदमे में भी शातिर ठग वादी को स्टेशन मास्टर के ऑफिस के बाहर लेकर गया और वहीं पर वादी से कैश पैसा एवं मोबाइल आदि ठग लिया।

कप्तान व स्थानीय जनता द्वारा पुलिस टीम की प्रशंसा

कप्तान अरुणा भारती ने शातिर ठगों के पकड़े जाने पर पुलिस टीम को बधाई दी है तो वहीं स्थानीय जनता द्वारा जीआरपी हरिद्वार पुलिस की इस सफलता पर खुशी जाहिर की गई है। अभियुक्तगण के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

जीआरपी हरिद्वार की लोगों से अपील

जीआरपी हरिद्वार पुलिस लोगों से निम्नलिखित अपील करती है-

१) टिकट कंफर्म कराने के लिए किसी के झांसे में ना आएं अपने टिकट प्रमाणित काउंटरों से ही प्राप्त करें।

२) स्टेशन परिसर में किसी का दिया कुछ ना खाएं।

३) कोई समस्या होने पर आसपास मौजूद जीआरपी पुलिस जवानों को सूचित करें।

४) अनजान व्यक्ति के बहकावे में ना आएं।

नाम पता अभियुक्तगण

1- रामकिशोर यादव पुत्र रामसेवक निवासी सिरसिया बाजार थाना बेला जिला सीतामढ़ी बिहार उम्र-42 वर्ष

2- हंसलाल महतो पुत्र स्वर्गीय सीताराम महतो निवासी गांव दुस्तिया थाना सोनबसा जिला सीतामढ़ी बिहार उम्र-38 वर्ष

बरामदगी

1- दो मोबाइल फोन कंपनी सैमसंग

2- दो आधार कार्ड (मनीष शाह और अनिल शाह)

3- 5200 रूपये

पुलिस टीम

Si प्रमोद कुमार
Si प्रीति कर्णवाल
ASI श्याम दास
हे0कान्स पृथ्वी नेगी
कान्स प्रदीप कुमार
कान्स शमशेर अली
कान्स खलील
कान्स जाहुल हसन
कान्स संदीप राणा
कान्स मुकेश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *