बार एसोसिएशन देहरादून के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में समय से काम ना होने पर दिखाई नाराजगी किया प्रदर्शन
(संवाददाता एनकाउंटर समाचार)
देहरादून। बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को आए दिन तहसील देहरादून में निरंतर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
अधिवक्ताओं की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव के नेतृत्व में बार एसोसिएशन एवं अधिवक्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार से मुलाकात करने की कोशिश की परंतु तहसीलदार अवकाश पर होने के चलते उनसे मुलाकात संभव नहीं हो पाई।
बार एसोसिएशन के सचिव राजवीर सिंह बिष्ट ने बताया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को काफी समय से तहसील में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था तहसील परिसर में बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को अपमानजनक व्यवहार का भी सामना करना पड़ रहा था। तहसील परिसर पहुंचकर वहां अधिवक्ताओं को पता चला कि आज सदर तहसीलदार अवकाश पर हैं इस संबंध में जब बार एसोसिएशन के सचिव द्वारा नायब तहसीलदार से संपर्क साधने की कोशिश की गई तो नायब तहसीलदार भी किसी काम से तहसील परिसर से बाहर थे,और मजे की बात तो यह रही कि उस समय कई पटवारी अपनी सीट पर तहसील में मौजूद नहीं मिले।
बार एसोसिएशन देहरादून सचिव द्वारा दूरभाष के माध्यम से तहसीलदार सदर को सूचना दी गई परंतु उनके द्वारा कोई भी उचित आश्वासन नहीं दिया गया। जिस कारण बार एसोसिएशन की अधिकताओं ने वही तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि तहसील कार्यालय में कई वर्षों से लंबित फाइलों का निवारण न होने से अधिवक्ताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार हो रहा है।
इस बात की सूचना एसडीएम देहरादून को मिली तो वह स्वयं तहसील पहुंचे और बार एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारी एवं अधिवक्ताओं को समझाते हुए कहा की तहसील देहरादून में अधिवक्ताओं एवं आम जन को समस्या उत्पन्न हो रही है उन्हें दुरुस्त करने के लिए 10 दिन का समय देने की बात की।
अध्यक्ष/ सचिव द्वारा उनकी बात स्वीकार कर 10 दिन का समय व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए दिया गया यदि 10 दिन के अंदर भी व्यवस्था में सुधार नहीं होगा तो कार्यकारिणी अपनी बैठक कर आगे की रणनीति बनाएगी। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के दर्जनों पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

