आशिक मिजाज दरोगा : रेप पीड़िता से रात गुजारने की मांग करने वाले दरोगा पर एफआईआर
(संवाददाता एनकाउंटर समाचार)
बिजनौर। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजनौर में रेप पीड़िता से रात गुजारने की मांग करने वाले दरोगा धर्मेंद्र गौतम के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पीड़िता की तहरीर पर छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में हल्दौर थाने के झालू चौकी प्रभारी रहे दरोगा पर केस दर्ज कर लिया गया है।
आपको बतादें कि यह पूरा मामला बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र के कस्बा झालू की रहने वाली महिला ने पति समेत ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था। यह केस सितंबर के महीने में हल्दौर थाने में दर्ज हुआ। जिसकी विवेचना तत्कालीन झालू चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गौतम को मिली। इस केस में लगी दुष्कर्म की धारा की विवेचना के लिए दरोगा धमेंद्र उत्तराखंड के मसूरी जांच के लिए पहुंचे। देहरादून से उनके साथ पीड़िता महिला और उसकी सहेली भी गई थी।
मसूरी से लौटकर देहरादून पहुंचते ही दरोगा ने वादी महिला को रात गुजारने का ऑफर दिया। पीड़िता महिला बहाना बनाकर उस समय तो अपने चाचा के घर चली गई। लेकिन बाद में दरोगा ने फोन किया। फोन पर अश्लील बातें की। दरोगा और पीड़िता के बीच हुई बातों की ऑडियो वायरल हो गई। इस मामले में पीड़िता ने एसपी नीरज कुमार जादौन से शिकायत की, तो एसपी ने मामले में एक्शन लेते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया।
लेकिन अब यह कार्रवाई निलंबन से कहीं आगे बढ़ चुकी है। अब हल्दौर थाना पुलिस ने शनिवार की देर शाम दरोगा के खिलाफ धारा 354, 509 व 506 में रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

