प्रतापगढ़ में 3 गोवंशों की निर्मम हत्या, देल्हूपुर थाना क्षेत्र के बरसंडा गांव में अवशेष मिले
(संवाददाता एनकाउंटर समाचार)
अयोध्या। प्रतापगढ़ में 3 गोवंशों की निर्मम हत्या, देल्हूपुर थाना क्षेत्र के बरसंडा गांव में अवशेष मिले, मौके पर पहुंचे गौ रक्षा प्रभारी उत्तर प्रदेश संजय पांडेय एवं अन्य हस्तियां, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में देल्हूपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर बरसंडा गांव में तीन गोवंशों की हत्या का मामला सामने आया है। सुबह बाकुलाही नदी किनारे उनके अवशेष मिलने के बाद गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1 बजे हुई, जब कुछ अज्ञात लोगों ने जगदीश सिंह के गाय को चुराकर नदी किनारे एक सुनसान जगह पर उनकी हत्या कर दी। सुबह जब जगदीश सिंह के पशु घर पर नहीं दिखे तो ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। नदी किनारे गोवंशों के अवशेष मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि मृत गायों के पेट में 5 से 6 महीने के बच्चे भी थे।
सूचना मिलते ही देल्हूपुर थाने के एसएचओ और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गोवंशों के अवशेष घटनास्थल पर बिखरे पड़े थे और कुछ अवशेष नदी में फेंके गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी अवशेषों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में, इन अवशेषों को जमीन में दफनाकर अंतिम संस्कार किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक धीरज ओझा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ओझा ने कहा कि इस घटना को अंजाम देने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी, जिसमें बुलडोजर की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
वहीं, उत्तर प्रदेश गौ रक्षा प्रभारी संजय पांडेय को जब गोवंश हत्या की सूचना मिली, तो वे जौनपुर से अपनी टीम और पत्रकारों के साथ देल्हूपुर थाने पहुंचे। उन्होंने एसएचओ देल्हूपुर और डीएम प्रतापगढ़ से बात की। इसके बाद, पुलिस टीम के साथ उन्होंने घटनास्थल और अंतिम संस्कार स्थल का निरीक्षण किया तथा पूरी जानकारी प्राप्त की। पांडेय ने मीडिया से बात करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सभी संगठन एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।