टाइनी टाॅट्स स्कूल में साइबर सुरक्षा पर वर्कशॉप का आयोजन
(संवाददाता एनकाउंटर समाचार)
अयोध्या। टाइनी टाॅट्स स्कूल में साइबर सुरक्षा हेतु एक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के उपायों की जानकारी देना था।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता श्री ओम प्रकाश यादव ( सब इंस्पेक्टर साइबर सेल अयोध्या ) ने साइबर अपराधों के प्रकार, जैसे फिशिंग, हैकिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी आदि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मजबूत पासवर्ड बनाने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने तथा अनजान कॉल और संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि थोड़ी-सी सावधानी से बड़े साइबर नुकसान से बचा जा सकता है। प्रश्नोत्तर सत्र में उपस्थित लोगों ने अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल भाषा में समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में श्री ओम प्रकाश यादव जी ने सभी से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। यह कार्यशाला अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई। स्कूल की निर्देशिका श्रीमती बिन्नी सिंह और प्रधानाचार्या श्रीमती मुक्ति श्रीवास्तव ने श्री ओम प्रकाश यादव जी द्वारा बताए गए साइबर सुरक्षा के उपायों और सुझावों की सहृदय सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उपस्थित अभिभावकों से सभी सुरक्षा नियमों के पालन कर सुरक्षित व जागरूक रहने का अनुरोध किया।