headlines

अंकित बलियान हत्याकाण्ड की सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने एवं पुलिस को भ्रमित करने वाला 01 अभियुक्त गिरफ्तार

शामली। ज्ञात हो कि दिनांक 26.08.2026 को जनपद शामली में स्थानीय हरियाणवी गायक अंकित बलियान की हत्या की घटना घटित हुई थी, जिसके संबंध में शामली पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 31.08.2026 को पुलिस मुठभेड़ में घटना में संलिप्त 02 शूटरों को मार गिराया गया था।
उक्त घटना की विवेचना के दौरान पुलिस को भ्रमित करने एवं घटना की दिशा भटकाने के उद्देश्य से दिनांक 27.08.2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @bhupendra_dhingra_2001 आईडी से भूपेंद्र ढींगरा नामक व्यक्ति द्वारा एक वीडियो प्रसारित कर अंकित बलियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का फर्जी दावा किया गया था। पुलिस टीम द्वारा जांच के प्रारम्भिक चरण में ही उक्त दावे को असत्य पाया गया तथा मुख्य घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी/पुलिस कार्रवाई के लिए गठित टीमों द्वारा लगातार प्रयास जारी रखे गए।
इसी क्रम में सोशल मीडिया पर फर्जी एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में 02 अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा विभिन्न आपत्तिजनक पोस्ट/कंटेंट को टेकडाउन कराया गया। जांच के दौरान भूपेंद्र ढींगरा के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई कि वह मूल रूप से गुरुग्राम, हरियाणा का निवासी है तथा वर्तमान में बेंगलुरु/मैसूर क्षेत्र में रहकर कार्य करता है। वह हरियाणवी भाषा में वीडियो गानों में गायकी एवं अभिनय का कार्य करता है तथा सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। पुलिस टीम द्वारा लगातार उसकी गतिविधियों एवं मूवमेंट की जानकारी जुटाते हुए दिनांक 15.09.2026 को भरतपुर (राजस्थान) से उसे हिरासत में लेकर जनपद शामली लाया गया।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उसकी पूर्व सोशल मीडिया आईडी ब्लॉक हो जाने के कारण उसके फॉलोअर्स एवं व्यूज कम हो गए थे, जिसके बाद उसने @bhupendra_dhingra_2001 नाम से नई इंस्टाग्राम आईडी बनाई और अधिक व्यूज, लाइक्स एवं फॉलोअर्स प्राप्त करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लालच में अंकित बलियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी फर्जी वीडियो प्रसारित किया। अभियुक्त के अनुसार उक्त आईडी पर प्रारम्भ में 28 फॉलोअर्स थे, जो वीडियो प्रसारित होने के बाद बढ़कर लगभग 7,500 हो गए। इस प्रकार सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि एवं फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से अभियुक्त द्वारा आपराधिक घटना के संबंध में फर्जी दावा कर जनता एवं पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।
पुलिस द्वारा अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है

शामली पुलिस की अपील
शामली पुलिस की आमजन से अपील है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना, पोस्ट अथवा वीडियो को बिना सत्यापन के सही न मानें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। विशेष रूप से आपराधिक घटनाओं से सम्बन्धित भ्रामक, फर्जी अथवा तथ्यहीन पोस्ट से बचें, क्योंकि ऐसी सामग्री से अनावश्यक भ्रम एवं अफवाह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। किसी घटना के सम्बन्ध में सही एवं प्रमाणित जानकारी के लिए केवल पुलिस/अधिकृत सोशल मीडिया हैंडल से जारी सूचना पर ही विश्वास करें। भ्रामक सूचना प्रसारित करने से बचें तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में शामली पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *