headlines

आज देश मे दुश्मनों को करारा जवाब देने वाली मजबूत सरकार

 

आज देश मे दुश्मनों को करारा जवाब देने वाली मजबूत सरकार

देहरादून। भाजपा ने मणिशंकर अय्यर के पाक को लेकर दिए बयान को दुश्मनों के खिलाफ कांग्रेस की कायराना सोच दर्शाने वाला बताया है ।
प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने पलटवार कर कहा कि कांग्रेस भूल गई है कि देश में आज तुष्टिकरण नीति वाली कमजोर सरकार नही, बल्कि शत्रुओं को करारा जवाब देने वाली मजबूत सरकार है। ये नया भारत है जो दुश्मन देशों से डराने वालों को नही, बल्कि उन्हें हराने वालों के पक्ष में रिकॉर्ड मतदान कर रहा है ।

उन्होंने कांग्रेस नेता के बयान को देशवासियों को पाकिस्तान के परमाणु बम से डराने की असफल कोशिश बताया हैं। जिसमे उनका यह कहना कि पड़ोसी शत्रु से अच्छे संबंध नहीं रखने पर उनके हमले का शिकार होना पड़ेगा, पूरी तरह कायरों की भाषा है । ये वो नीति है जिसके आधार पर कांग्रेस ने 60 वर्ष देश पर शासन किया। कांग्रेस के इसी डर ने पीओके को देश से अलग किया, ऐसी ही कायरता का परिणाम है कि भारत के वीर जवान मैदान में जिस युद्ध को जीतते थे और कांग्रेस सरकार बातचीत की टेबल पर उसे हार जाती थी, दुश्मन की नाराजगी के डर से इन्होंने अक्साई चीन, लद्दाख की हजारों हैक्टर भूमि और द्वीप पाक चीन और श्रीलंका को दिए । इन्होंने सैनिकों के लिए हथियार और सुरक्षा उपकरण नहीं खरीदे, ताकि दुश्मन इसे उकसावा न मान ले, सीमावर्ती क्षेत्रों में ढांचागत विकास को अवरूद्ध रखा ताकि दुश्मन सेना उनसे होकर हमला न कर दे, चीन से लड़ाई में कांग्रेस सरकार की कायरता ही थी जिसमे युद्ध बढ़ने के डर से वायुसेना के उपयोग को रोके रखा ।

उन्होंने कहा, ये नया भारत है जो 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुश्मनों का मुंह तोड़ जवाब देता है । जो आतंकवादी घटनाओं को छुपाता नही है बल्कि सर्जिकल स्ट्राइक कर उन्हे उनके घर में घुस कर मरता है । मोदी सरकार में एक तरफ जहां, हमारे नागरिक देश में ही नही देश के बाहर भी सुरक्षित हैं । वहीं दूसरी तरफ देश के दुश्मन सीमा के अंदर ही नही सीमा के दूसरी तरफ भी सुरक्षित नहीं हैं । आज भारत विश्व के उन चंद शक्तिशाली देशों में शामिल है, जिनकी राय के बिना दुनिया का कोई भी आर्थिक सामरिक निर्णय लिया जाना संभव नही है । हथियारों के आयात के लिए पहचाने जाने वाला भारत अब दुनिया को हथियार निर्यात कर रहा है।

उन्होंने तंज किया कि जिस देश के परमाणु हथियारों को दुनिया सबसे असुरक्षित मानती हो, जिस देश के नागरिक ही उसे दूर दूर तक भारत को टक्कर देने वाला नही मानते हों, जो पाकिस्तान अपने यहां भारत के शत्रुओं को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं हो । हैरानी है कि कांग्रेस नेताओं को आज भी उसी पाकिस्तान से डर लग रहा है । लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण और गैरजिम्मेदाराना है कि देश की एक राष्ट्रीय पार्टी जनता को भयभीत करना चाहती है । उन्हें लगता है, अल्पसंख्यक समुदाय पाकिस्तान की तारीफ से खुश होकर उन्हें वोट करेगा । यही वह तुष्टिकरण की नीति है जिसपर कांग्रेस हमेशा से अमल करती आई है। इसी नीति के चलते पाकिस्तानी नेता राहुल गांधी की शान में कसीदे पढ़ते हैं ।

उन्होंने जोर देते हुए कहा, चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस की यह देश विरोधी नीति, जनता देख रही है । लिहाजा आने वाले चार चरणों में जनता दुश्मन देशों का गुणगान करने वाली पार्टियों को करारा सबक सिखाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *